अबयज़ ख़ान

मुर्गी ने आदमी के बच्चे को जन्म दिया है। सुनने में आपको थोड़ा अटपटा ज़रूर लगेगा, लेकिन ये ख़बर आई है मध्य-प्रदेश के रायसेन शहर से। एक टीवी चैनल पर ये ख़बर चलने के बाद दूसरे चैनलों के पत्रकार भी इसे कवर करने दौड़ पड़े। बिना ये जांच-पड़ताल किये, कि क्या एक मुर्गी भी इंसान के बच्चे को जन्म दे सकती है। मज़े की बात ये है कि इस पर किसी ने अपना दिमाग लगाने की ज़रूरत भी नहीं समझी। मामला मध्य प्रदेश में रायसेन के एक गांव बाड़ीकला का है। जहां से ख़बर आई कि यहां रहने वाले पतिराम नाम के शख्स के घर मुर्गी ने एक इंसान के बच्चे को जन्म दिया है। इस ख़बर के आने के बाद मीडिया वाले दौड़ पड़े। लेकिन डॉक्टरों के साथ ही आम लोगों का दिमाग भी चकरा गया। हर कोई ये सोच रहा था कि ऐसा भला कैसे हो सकता है।

मेरे चैनल में भी ये ख़बर आई, तो मैं भी इसे सुनकर चौंक गया। पहले तो ख़बर की आपा-धापी में यकीन ही नहीं हुआ। लेकिन जब इसकी तस्वीरें देखीं, तो माजरा समझते देर नहीं लगी। मुर्गी के साथ एक इंसान का चार इंच का भ्रूण दिख रहा था। जिसको लेकर ये दावा किया जा रहा था कि इंसान के इस बच्चे को मुर्गी ने ही जन्म दिया है। लेकिन मुर्गी को देखकर तरस आ रहा था, बेचारी अपने हाल पर बेबस थी, कैमरे की निगाहों के साथ ही उसे ज़माने की नज़रों का सामना भी करना पड़ रहा था।

बेज़ुबान परेशान थी, अपनी सफ़ाई में क्या कहे, किससे कहे और कैसे कहे। कैसे लोगों को बताए कि इसमें उसका कोई कसूर नहीं है, बल्कि इसका पापी तो कोई और है, जो अपने गुनाहों पर पर्दा ढकने के लिए मेरे दड़बे में इस भ्रूण को रखकर चला गया है। लेकिन जैसे लोग नासमझ थे, वैसे ही मुर्गी भी लाचार थी। उसका मासूम चेहरा देखकर उस बेचारी पर तरस आ रहा था। जो ख़ता उसने की ही नहीं उसका इल्ज़ाम उसके मत्थे मढ़ दिया गया था। और तो और उसका मालिक भी इस ख़बर को कैश कराने में लगा था। मुर्गी बेचारी के हर एंगल से शॉट्स बनाए जा रहे थे। वो तो बस नहीं चला, अगर मुर्गी बोल पाती, तो शायद उससे तमाम तरह के बेतुके सवाल भी पूछ लिए होते। हो सकता है कोई ये भी पूछ लेता, कि इस बच्चे का बाप कौन है? डॉक्टर भी बेचारे बोल-बोलकर परेशान थे, कि कुदरत के नियम में इस तरह का कोई खिलवाड़ नहीं हो सकता। भला मुर्गी भी कहीं इंसान के बच्चे को जन्म दे सकती है। लेकिन सुनने को कोई तैयार ही नहीं था। ये किस्सा बिल्कुल ऐसा ही था, जैसे हमने जर्नलिज्म में पढ़ा था कि अगर कुत्ता आदमी को काटे तो ख़बर नहीं है, लेकिन अगर आदमी कुत्ते को काटे तो ख़बर बन जाती है।
17 Responses
  1. भाई मुर्गी ने आदमी के बच्चे को जन्म दिया है इस बात से लगता है अब कयामत आने वाली है


  2. हद है भई!!


  3. Shiv Says:

    हद क्या बेहद है.


  4. धन्य हैं हमारे खबरनवीस और धन्य हैं उन्हें शिक्षित करने वाली दुकानें।


  5. गगन शर्मा जी ने सटीक बात कही है
    अबयज़ जी आपने बहुत सही बात रखी है।


  6. अच्छा हुआ कोई चैनल उस भ्रूण के बाप की तलाश में किसी आदमी को ढूंढने नही निकल पड़ा कि किसकी करामात है ये है। हो सकता है कि कोई इंवेस्टिगेट कर रहा हो


  7. इतनी देर में दोनो का डी.एन.ए. तेस्ट हो जाता धन्य है चेनल वाले


  8. pakaa shahini ahuja ka kaam hoga :)


    mast likhte ho bhai


  9. Amit Says:

    आपकी तरह मेरी भी सहानुभूति मुर्गी के साथ है। डॉक्टर बेचारे क्या कहेंगे...??? सीबीआई जांच से ही कुछ हो सकता है।


  10. पता नहीं इन लोगों की बुद्धि कहीं घास चरने चली गई है!!


  11. Anonymous Says:

    डी एन ए टेस्ट हुआ या नहीं अब तक ??

    पता तो चले किसकी करतूत है :-)

    अबयज़ भाई, आप कमाल का लिखते हैं.


  12. इतनी हौसला अफ़ज़ाही के लिए आप सभी का शुक्रिया। आगे और भी अच्छा लिखने की कोशिश करूंगा।


  13. मुझे आपके इस सुन्‍दर से ब्‍लाग को देखने का अवसर मिला, नाम के अनुरूप बहुत ही खूबसूरती के साथ आपने इन्‍हें प्रस्‍तुत किया आभार् !!


  14. Aarti Says:

    मुर्गी ये एहसान कभी नहीं भूलेगी कि आपने उसकी तकलीफ समझी और दूसरों को भी समझाई...


  15. Gulvish Says:

    good one....it has been,is and will continue in India as girls are still considered burden by large percentage of population


  16. शानदार लेखन ,लेख के साथ वो हताशाये दिखती है जो कई बर्षों से ना जाने कहा से हमारे साथ चली आ रही है ,जो पत्रकारिता को बार बार बर्बाद कर रही है ........आशीष जैन


  17. Mohit Says:

    बहुत सही... lol